नवीनतम
फीचर्ड
लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग तेज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
विकास खण्ड हर्रैया सतघरवा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह को सौंपा।
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
बलरामपुर।
विकास खण्ड हर्रैया सतघरवा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग को लेकर समाजसेवी एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह को सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की गंभीर आवागमन समस्या और लगातार हो रही दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए शीघ्र पुल निर्माण की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि 58 श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत जनपद बलरामपुर की तुलसीपुर विधानसभा के विकास खण्ड हर्रैया सतघरवा में हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग के किलोमीटर 11 स्थित लौकहवा डिप पर पुल निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2025-26 की जिला स्तरीय लघु सेतु निर्माण कार्ययोजना में क्रमांक-2 पर शामिल किया गया था, लेकिन वित्तीय संसाधनों के अभाव में अब तक कार्य लंबित पड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि बारिश और बाढ़ के समय हेंगहा, डोरवा, गौरैय्या और चकैया जैसे जंगली व पहाड़ी नालों का पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे लाखों लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। लौकहवा डिप पर डबल रोड अचानक सिंगल रोड में बदल जाती है तथा सड़क नीचे धंस जाने के कारण तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। कई बार यह सड़क हादसे लोगों की मौत का कारण भी बन चुके हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मकुनहवा के पूर्व प्रधान स्वर्गीय चेतराम वर्मा की भी इसी मार्ग पर बाढ़ के दौरान बह जाने से मृत्यु हो चुकी है। कई मौकों पर तैराकों और सुरक्षा बलों ने लोगों की जान बचाई है। यह मार्ग ललिया थाना, हर्रैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय, शिवपुरा तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से सशस्त्र सीमा बल के जवान एवं सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज के कर्मचारी भी आवागमन करते हैं।
पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट ने कहा कि लौकहवा डिप पर पुल निर्माण होने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस दौरान एडवोकेट संतोष पाण्डेय, घनश्याम शुक्ल, आशीष श्रीवास्तव, मोहम्मद यासीन, दुर्गा प्रसाद यादव, कन्हैयालाल, उवैस अहमद खान, राम रंग, कृपा राम चौहान, शिव प्रसाद यादव, दानिश अंसारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने लौकहवा डिप पर पुल निर्माण को क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बलरामपुर आवागमन बाधित सड़क हादसे भारत नेपाल सीमा बलरामपुर समाचार मुख्यमंत्री को ज्ञापन सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग सशस्त्र सीमा बल हर्रैया सतघरवा लौकहवा डिप पुल निर्माण की मांग युगल किशोर शुक्ल अपर जिलाधिकारी शिव नारायण सिंह लघु सेतु निर्माण योजना हरिहरगंज ललिया बनकटवा मार्ग बारिश और बाढ़ तुलसीपुर विधानसभा श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र चेतराम वर्मा पुल निर्माण आंदोलन संतोष पाण्डेय एडवोकेट मोहम्मद यासीन दानिश अंसारी


Comments