नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
प्रयागराज में वकील के घर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए चोर
देर रात घर में घुसे बदमाश, जेवरात व नकदी लेकर फरार — पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज। यमुनानगर जोन अंतर्गत औद्योगिक थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। केसड़वा पुलिस चौकी के तहत महुआरी गांव में अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह के घर देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया और लाखों रुपये के कीमती जेवरात सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है जब परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और अलमारी व अन्य स्थानों को खंगालते हुए लाखों रुपये के जेवरात और लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की खास बात यह रही कि चोरों की पूरी गतिविधि घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर घर के अंदर घुसते हैं और सामान लेकर तेजी से बाहर निकल जाते हैं। यह वीडियो अब पुलिस के लिए अहम सुराग बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

Comments