फीचर्ड
भारत
जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
प्रयागराज। यमुनापार कौंधियारा। थाना क्षेत्र स्थित बहेरी गांव निवासी रामबाबू यादव ने अपनी ढाई बिस्वा भूमिधरी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि गांव के कुछ लोगों एवं बाहरी लोगों ने उनकी जमीन पर अवैध निर्माण करना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर सवाल उठाए गए हैं। रामबाबू के मुताबिक, यह जमीन उनके पिता के नाम पर दर्ज है। आरोपियों ने जमीन पर बाउंड्री बनाकर खंभे गाड़ दिए और विरोध करने पर गेट तोड़कर बाउंड्री गिरा दी गई। जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं,उनमें कृष्ण अवतार यादव, राम अवतार यादव, राजेश यादव, बबुआन यादव निवासी केंचुआ, आशीष कुमार और जनक प्रसाद यादव शामिल हैं।
पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना सबसे पहले डायल पुलिस 112 नंबर को दी गई थी, मौके पर पहुंची पुलिस ने काम रुकवा दिया था, लेकिन पुलिस के जाने के बाद ही फिर काम शुरू कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि बार-बार थाने पर तहरीर देकर न्याय की मांग की गई, लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। लगभग 20 दिनों पहले भी तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। रामबाबू के पास मारपीट करने तथा कब्जे से सम्बंधित वीडियो व अन्य साक्ष्य एकत्रित हैं। रामबाबू यादव ने उच्च अधिकारियों से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग किया है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में तनाव बना हुआ है, और पीड़ित परिवार असुरक्षित महसूस करने लगा है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते पुलिस ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं किया, तो विवाद बढ़ भी सकता है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों में पहले से रंजिश चली आ रही है और अब जमीनी विवाद ने मामले को गम्भीर बना दिया है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच पड़ताल कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग किया है, जिससे गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे।


Comments