बेटियों के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए आगे आया सेवा संकल्प फाउंडेशन
सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से उत्तराखंड में महिला स्वास्थ्य जनजागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण अभियान चलाया जा रहा है।
सितारगंज। सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से उत्तराखंड में महिला स्वास्थ्य जनजागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 50 से अधिक विद्यालयों में छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बेटियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य और स्वाभाविक प्रक्रिया है। इसे लेकर किसी भी प्रकार की शर्म, झिझक या संकोच करने की आवश्यकता नहीं है।
छात्राओं से कहा गया कि स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय अपनी मां, बड़ी बहन, शिक्षिका अथवा चिकित्सक से खुलकर बातचीत करें।
अभियान के माध्यम से छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने, पौष्टिक भोजन करने और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किशोरावस्था में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। सही जानकारी और स्वच्छता संबंधी आदतों से कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सकता है।
फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि यह अभियान केवल सैनिटरी नैपकिन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करना भी है। संस्था का प्रयास है कि अभियान को उत्तराखंड के अधिक से अधिक क्षेत्रों और विद्यालयों तक पहुंचाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्राएं इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कहा गया कि शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बेटियां अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर बीना साहू और जानकी कोहली सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने अभियान को लेकर उत्साह दिखाया। आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक बेटियां ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं। इसी सोच के साथ सेवा संकल्प फाउंडेशन आगे भी महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को जारी रखेगा।
#SwatantraPrabhat #WomenEmpowerment #SocialAwareness #HealthAwareness #AdolescentHealth #PersonalHygiene #WomenHealth #CommunityHealth #Sitarganj #UttarakhandNews #Uttarakhand #GirlsHealth #MenstrualHealth #MenstrualHygiene #PeriodAwareness #MenstrualAwareness #SanitaryNapkins #FreeSanitaryPads #GirlChildEducation #HealthAndNutrition #HealthEducation #WomenWellness #HealthCampaign #FreeDistribution #SevaSankalpFoundation


Comments