रक्षाबंधन पर महिलाओं को नि:शुल्क बस सेवा का तोहफा, पुलिस लाइन सभागार में हुआ भव्य कार्यक्रम

महिला सशक्तिकरण के तीन आयाम सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया जोर

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर मातृशक्ति को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रदेश की महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस सेवा शुरू की गई है। इसी क्रम में पुलिस लाइन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।
 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति, सदर विधायक मनीष असीजा, टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मेयर कामिनी राठौर, महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी वि. एवं रा. कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
 
सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर
 
मुख्य अतिथि धर्मवीर प्रजापति ने महिला सशक्तिकरण के तीन प्रमुख आयामों सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लगातार महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है।
 
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं और बहनों के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस सुविधा का उद्देश्य महिलाओं को आवागमन के लिए किसी पर निर्भर न रहने देना है। मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
 
बहनें भाइयों के साथ सैनिकों को भी बांधें रक्षा सूत्र
 
सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी बहनों के लिए तीन दिनों तक नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू की है। उन्होंने बहनों से अपील की कि वे अपने भाइयों के साथ-साथ देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों को भी रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करें।
 
टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि सरकार द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर योजना का शुभारंभ किया गया है। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा का तोहफा देकर सरकार ने मातृशक्ति को सम्मान देने का कार्य किया है। मेयर कामिनी राठौर एवं भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण एवं सरकार द्वारा महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
 
मतदाता सूची में 18 वर्ष की महिलाओं के नाम जुड़वाने की अपील
 
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी जिन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, वे अपने नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। जिलाधिकारी ने महिलाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सुदर्शन कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें