वृहद रोजगार मेले में 1260 अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर, निर्माण श्रमिकों को ₹6.49 करोड़ से अधिक के लाभ वितरित
42 से अधिक कंपनियों ने लिया भाग, 5000 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग
भदोही। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं श्रम विभाग, भदोही के संयुक्त तत्वावधान में चित्रांश पैलेस, चीनी मिल गेट के निकट, जीटी रोड, औराई में वृहद रोजगार मेला एवं निर्माण श्रमिक हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० कैबिनेट मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री अनिल राजभर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मा० मंत्री श्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा निर्माण श्रमिकों से शासन की योजनाओं में पंजीकरण कराकर पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
वृहद रोजगार मेले में 42 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया तथा विभिन्न पदों पर 1000 से अधिक रिक्तियां उपलब्ध कराई गईं। रोजगार की तलाश में पहुंचे लगभग 5000 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 1260 अभ्यर्थियों को मौके पर ऑफर लेटर प्रदान किए गए। ऑफर लेटर प्राप्त करने वाले युवाओं में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण एवं पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकरण शिविर भी लगाया गया। इस अवसर पर मिर्जापुर मंडल के निर्माण श्रमिकों एवं मृतक श्रमिकों के आश्रितों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ₹6,49,64,729/- की धनराशि के हितलाभ वितरित किए गए।
माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को एक ही मंच पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
माननीय विधायक औराई श्री दीनानाथ भास्कर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार से जोड़ना तथा श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।
माननीय विधायक ज्ञानपुर श्री विपुल दुबे ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलना सराहनीय है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
माननीय भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक मिश्रा ने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं और श्रमिकों के हित में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। रोजगार मेले एवं श्रमिक हितलाभ वितरण कार्यक्रम से एक ओर युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं, वहीं दूसरी ओर निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
युवाओं को रोजगार और श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कंपनियों, अभ्यर्थियों एवं श्रमिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना तथा निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मा० मंत्री जी द्वारा दिए गए निर्देशों एवं सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर प्रभावी ढंग से अमल सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, श्रम विभाग, प्रतिभागी कंपनियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी अभ्यर्थियों एवं श्रमिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री संजय कुमार बिंद, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्लासहित श्रम एवं सेवायोजन विभाग जिला सेवायोजन अधिकारी अजीत कुमार उपनिदेशक सेवायोजन अशोक कुमार प्रजापति एवं संबंधित विभागों केअधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, अभ्यर्थी एवं बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिक उपस्थित रहे।


Comments