नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
आकाशीय बिजली गिरने से दुधारू भैंस की मौत, पशुपालक को हुआ भारी नुकसान
लालगंज मीरजापुर।
संवाददाता बाल योगी उर्फ सत्यम तिवारी
मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र की बरौधा चौकी अंतर्गत कठारी गांव में सोमवार 11 अगस्त की रात लगभग 9 बजे तेज गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक दुधारू भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। बताया गया कि भैंस घर के पास बंधी हुई थी, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और उसकी चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। भैंस के बगल में खड़ा चिलबिल का पेड़ भी बिजली की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पशुपालक ने बताया कि मृत भैंस ने लगभग छह दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था, जिससे परिवार को दूध उत्पादन और पशुपालन से अच्छी आय की उम्मीद थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार की आर्थिक स्थिति पर बड़ा असर पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान देव कुमार कुशवाहा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद राजस्व विभाग को सूचना देते हुए क्षेत्रीय लेखपाल को अवगत कराया गया। सूचना पाकर लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं पशुपालन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पशुचिकित्सक को सूचित किया गया। अधिकारियों द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। गांव में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है तथा लोग प्राकृतिक आपदा से हुई इस क्षति पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दुधारू भैंस की मौत से परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है, जिसकी भरपाई बिना सरकारी सहायता के संभव नहीं है।


Comments