जर्जर मकान की छत गिरने से एक परिवार के छः लोगों की हुई दर्दनाक मौत

पीड़ित परिवार को 26.20 लाख रुपए की राहत सहायता दी गई

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रतापगढ़। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम महुली में जर्जर मकान गिरने से हुई दर्दनाक दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग दो बजे प्रमोद श्रीवास्तव पुत्र कामता प्रसाद का जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे परिवार के छः सदस्य मलबे में दब गए।
 
इस भीषण हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60 वर्ष), रीता (55 वर्ष), नितिन (25 वर्ष), माधुरी (23 वर्ष), माधव (01 वर्ष) तथा अद्विक उर्फ बाबू (10 माह) की दुःखद मृत्यु हो गई। वहीं अमन पुत्र प्रमोद (28 वर्ष) सुरक्षित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा राहत कार्यों की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित परिवार को अनुमन्य राहत सहायता तत्काल उपलब्ध करा दी गई है।
 
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मृत छः व्यक्तियों के लिए दैवीय आपदा राहत मद के अंतर्गत प्रति मृतक 4 लाख रुपए की दर से कुल 24 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए 1.20 लाख रुपए तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत 01 लाख रुपए की सहायता भी स्वीकृत कर प्रदान की गई है। इस प्रकार पीड़ित परिवार को कुल 26.20 लाख रुपए की राहत सहायता उपलब्ध कराई गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें आवश्यकतानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
 
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कहा कि घटना से संबंधित सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई कराई जा रही है। सभी मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हादसे में दिवंगत हुए सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस हादसे का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को मौके पर जाने और हर संभव सहायता का निर्देश दिया है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें