नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सावन के पहले सोमवार पर बाल्हेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का महासैलाब
पवित्र सावन मास के पहले सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री बाल्हेश्वर महादेव मंदिर, ऐहार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं।
संदीप कुमार (फिजा)
लालगंज (रायबरेली)। पवित्र सावन मास के पहले सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री बाल्हेश्वर महादेव मंदिर, ऐहार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गई थीं। मंदिर के कपाट खुलते ही हजारों शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की तथा सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के गगनभेदी जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर के प्रधान पुजारी पं. झिलमिल महाराज ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पट भोर में ही खोल दिए गए थे। इसके बाद देर शाम तक दर्शन-पूजन और जलाभिषेक का सिलसिला निरंतर चलता रहा।बाल्हेश्वर सेवा समिति के उप प्रबंधक कपिल देव तिवारी ने बताया कि पहले सोमवार पर लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बाल्हेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक किए।
दूर-दराज़ से आईं दर्जनों कांवड़ यात्रियों की टोलियां डीजे की धुन पर नाचते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचीं, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूरे मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई। समिति के स्वयंसेवक पूरे दिन व्यवस्थाओं में जुटे रहे। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा। पुलिस की सतर्कता और मंदिर प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था के चलते दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


Comments