मलिहाबाद: महीनों से खराब पड़ा आरओ वाटर कूलर

शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे ग्रामीण

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

मलिहाबाद, लखनऊ।  विकास खण्ड मलिहाबाद की ग्राम पंचायत मवई कला में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया आरओ वाटर कूलर पिछले कई महीनों से खराब पड़ा है। भीषण गर्मी के दौरान भी मशीन बंद रहने से ग्रामीणों को साफ और ठंडे पानी की सुविधा नहीं मिल सकी, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र पंचायत द्वारा लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह आरओ वाटर कूलर लगाया गया था, लेकिन लंबे समय से खराब होने के कारण इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। पूरे गर्मी के मौसम में मशीन बंद रही और ग्रामीणों को मजबूरी में अन्य स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ी।

ग्रामीण छबिनाथ राठौर, दुर्गेश प्रताप सिंह और शैलेंद्र राठौर सहित कई लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से मशीन ठीक कराने की शिकायत की। हर बार अधिकारियों की ओर से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है। शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित होने के कारण लोगों में रोष बढ़ रहा है।

अब ग्रामीणों की मांग है कि उच्च अधिकारी इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और खराब पड़े आरओ वाटर कूलर की जल्द मरम्मत कराकर इसे दोबारा चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे मलिहाबाद ब्लॉक में प्रदर्शन करने के लिए भी मजबूर हो सकते हैं। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें