नवीनतम
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती प्रशासन अलर्ट, डीएम कृतिका ज्योत्स्ना व एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने दिए सख्त निर्देश
बस्ती जिले में आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा -2026 और महाशिवरात्रि के अवसर पर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर बस्ती प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
बस्ती। बस्ती जिले में आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा -2026 और महाशिवरात्रि के अवसर पर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर बस्ती प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
.जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के साथ-साथ बाढ़ प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
.
बैठक में बताया गया कि श्रावण मास 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगा, जबकि श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व 11 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी (अयोध्या) से पवित्र जल लेकर बाबा भदेश्वरनाथ धाम, बस्ती में जलाभिषेक करने पहुंचेंगे।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का तत्काल भौतिक सत्यापन करने, सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने तथा स्थानीय शांति समितियों के साथ बैठक कर बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद के सभी प्रमुख शिव मंदिरों, मेला क्षेत्रों, कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा अव्यवस्था उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.
बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी हरैया, क्षेत्राधिकारी लाइन, संबंधित प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कांवड़ यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की गई।
swatantra prabhat uttar pradesh police Basti administration SP Dr Yashveer Singh festival security arrangements law and order review DM Kritika Jyotsna Basti Kanwar Yatra 2026 Shravan Maas 2026 Mahashivratri Basti Baba Bhadeshwarnath Dham Kanwar Yatra Security Crowd Management Plan Saryu Jal Abhishek Traffic Management Basti


Comments