नवीनतम
फीचर्ड
फर्जी डिग्रियां, सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले तीन साईबर कैफे संचालकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, मोहरें, डिग्रियां, मार्कशीट, आधार,पेन बरामद
कानपुर। थाना कल्याणपुर क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले तीन साईबर कैफे संचालकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से तमाम आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र,जाति प्रमाण पत्र,टीसी, पेनकार्ड, सरकारी मोहरें, विधायकों की मोहरें, मार्कशीट आदि सरकारी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। ये तुरंत ग्राहक को आईडी बनाकर दे देते थे और उसके बदले मोटी रकम वसूलते थे।
यह जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस एम कासिम आबिदी ने बताया कि कुछ समय से मुखबिर के द्वारा सूचना मिल रही थी कि कल्याणपुर क्षेत्र में कुछ साईबर कैफे हैं जो कूटरचित दस्तावेज तैयार करके बेचते हैं।
आज पुलिस ने इन कैफ़े पर छापा मारा तो तमाम सरकारी व अन्य संस्थाओं के फर्जी दस्तावेज बरामद किए। पुलिस ने इन कैफ़े के संचालकों तेजस पाल, नितेश और अनुराग को गिरफ्तार किया है।
इनके पास कुछ अन्य लोग आते थे जो इनसे फर्जी दस्तावेज तैयार कराते थे और उसके बदले इनको कुछ पैसा देते थे और वो लोग इन दस्तावेजों के बदले लोगों से मोटी रकम वसूलते थे, पुलिस तलाश कर रही है कि ये लोग कौन थे, उनकी जानकारी की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस एम कासिम आबिदी ने बताया कि ये कैफ़े संचालक तजाकिस्तान के एक नंबर से संचालित अनधिकृत पोर्टल के माध्यम से फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि करीब 3-4 साल से ये लोग यह काम कर रहे हैं।


Comments