नवीनतम
फीचर्ड
बाराबंकी: रेलवे स्टेशन के सामने जर्जर बिजली का खंभा बना हादसे का सबब, स्थानीय लोगों में दहशत
स्थानीय दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि खंभा काफी समय से नीचे से जर्जर स्थिति में है।
फतेहपुर (बाराबंकी)।
दीपक अग्रवाल
तहसील फतेहपुर कस्बे में रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित एक जर्जर बिजली का खंभा स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। पवन जनसेवा केंद्र की दुकान के पास लगा यह विद्युत पोल नीचे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, लेकिन विद्युत विभाग की ओर से अब तक इसे बदलने या मरम्मत कराने की कोई पहल नहीं की गई है।
स्थानीय दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि खंभा काफी समय से नीचे से जर्जर स्थिति में है। इसके बावजूद विभाग द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
.jpeg)
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह स्थान अत्यंत व्यस्त रहता है। रेलवे स्टेशन के सामने होने के कारण यहां दिनभर राहगीरों, यात्रियों, दुकानदारों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि जर्जर खंभा अचानक गिर जाता है तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात और तेज हवाओं के दौरान उनकी चिंता और बढ़ जाती है। उनका कहना है कि हर समय इस बात का भय बना रहता है कि कहीं खंभा गिरकर किसी राहगीर, दुकान या वाहन को अपनी चपेट में न ले ले।
क्षेत्र के लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए इस जर्जर बिजली के खंभे का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा इसे शीघ्र बदलकर नया खंभा लगाया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि विभाग समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाता है और भविष्य में कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।


Comments