पुलिस अधीक्षक सोनभद्र ने किया वाराणसी जोन की 43वीं अंतर्जनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
प्रतियोगिताएं विभिन्न जनपदों के पुलिसकर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं- पुलिस अधीक्षक
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित वाराणसी जोन की 43वीं अंतर्जनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार दिनांक 10 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन, सोनभद्र में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा द्वारा किया गया। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 10 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम सहित जनपद के अन्य अधिकारीगण, पुलिसकर्मी, खेलप्रेमी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के अंतर्गत आने वाले 10 जनपदों—सोनभद्र, मीरजापुर, भदोही, गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर, आज़मगढ़, बलिया, मऊ एवं वाराणसी—की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों के आगमन से प्रतियोगिता स्थल खेल भावना एवं उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं।
ये शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। पुलिस बल में खेलों का विशेष महत्व है, क्योंकि एक स्वस्थ एवं फिट पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विभिन्न जनपदों के पुलिसकर्मियों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। सभी खिलाड़ी खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।
उद्घाटन समारोह के उपरांत प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों का शुभारंभ हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागियों के रोमांचक मुकाबलों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता का वातावरण ऊर्जा एवं प्रतिस्पर्धा से परिपूर्ण रहा।यह प्रतियोगिता आगामी 12 जुलाई 2026 तक विभिन्न वर्गों में आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।


Comments