नवीनतम
फीचर्ड
सटीएफ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी कुख्यात डकैत ढेर
तीन राज्यों में विक्की उर्फ आसिम अली के खिलाफ दर्ज थे 21 मुकदमे, बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास एसटीएफ ने की कार्यवाही
अंबेडकरनगर। यूपी एसटीएफ टीम ने बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास मंगलवार भोर में कानपुर निवासी 1 लाख के इनामी कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। उसके पास से टीम ने अवैध असलहा, 20 से अधिक कारतूस, बाइक आदि बरामद की है। कुख्यात अपराधी छैमार गैंग का सक्रिय सदस्य था। मंगलवार भोर करीब 3 बजकर 45 मिनट पर जगदीशपुर गांव के पास स्थित तालाब के निकट गोलियों की तड़ताहट सुनाई दी। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्र की अगुवाई में टीम ने डकैती गिरोह के सदस्य की घेराबंदी की थी।
जवाबी फायरिंग में कानपुर के मकनपुर निवासी विक्की उर्फ आसिम अली उर्फ नक्शे अली उर्फ पेदा गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। टीम के मुताबिक विक्की छैमार डकैती गिरोह का सक्रिय सदस्य था। यह गिरोह उत्तर प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा आदि प्रदेशों के अलग-अलग जनपदों में लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। इस दौरान गृह स्वामियों के विरोध करने पर उनकी हत्या तक कई घटनाओं में की गई है। आरोपी के खिलाफ 21 मुकदमे डकैती, हत्या सहित अन्य धाराओं में दर्ज है। एसटीएफ टीम लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित गिरोह इन दिनों अंबेडकरनगर जिले में सक्रिय है।


Comments