भाजपा जिला कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का हुआ आयोजन 

जननायक स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह की श्रद्धांजलि सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

गौरीगंज, अमेठी। गौरीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जननायक, पूर्व विधायक एवं जनप्रिय जनसेवक स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह  की पावन स्मृति में भारतीय जनता पार्टी, अमेठी द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धा, संवेदना एवं कृतज्ञता से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह  के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण सार्वजनिक जीवन ईमानदारी, सादगी, कर्तव्यपरायणता, लोकसेवा एवं संगठन-निष्ठा का अनुपम उदाहरण रहा।
 
उन्होंने राजनीति को सदैव जनसेवा का माध्यम माना तथा अंतिम समय तक जनसामान्य के सुख-दुःख में सहभागी बने रहे। कार्यकर्ताओं के प्रति उनका आत्मीय स्नेह, सहज उपलब्धता एवं मार्गदर्शक व्यक्तित्व सदैव प्रेरणा देता रहेगा।वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह  का जीवन संघर्ष, समर्पण, राष्ट्रनिष्ठा एवं जनकल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का पर्याय था। उनके आदर्श, सिद्धांत एवं संगठन के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव पथप्रदर्शक बने रहेंगे। उनका निधन केवल भारतीय जनता पार्टी परिवार ही नहीं, बल्कि संपूर्ण अमेठी जनपद के लिए अपूरणीय क्षति है।
 
भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धांजलि सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला,पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष,राम प्रसाद मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेता गिरीश चंद्र शुक्ला , जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र 'मटियारी', जिला उपाध्यक्ष हिंदेश सिंह, तिलोई ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह 'मुन्ना', जिला उपाध्यक्ष उपमा सरोज, विवेक माहेश्वरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन प्रभात शुक्ला ने किया।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह  के आदर्शों पर चलने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाजसेवा के उनके अधूरे संकल्पों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
 
श्रद्धांजलि सभा का वातावरण अत्यंत भावुक एवं श्रद्धामय रहा। उपस्थित प्रत्येक कार्यकर्ता की आँखें नम थीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह  का स्नेहिल व्यक्तित्व, निष्कलंक जनसेवा, संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा एवं समाज के प्रति उनका समर्पण सदैव अमिट स्मृतियों में जीवंत रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा प्रदान करता रहेगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें