48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा, सगे भाई और भतीजे निकले हत्यारे

कुछ समय पूर्व जमीन बिक्री से प्राप्त धनराशि और पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बस्ती। जनपद बस्ती की थाना वाल्टरगंज पुलिस ने स्वाट एवं सर्विलांस टीम के सहयोग से महज 48 घंटे के भीतर एक हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि थाना वाल्टरगंज में 19 जून 2026 को शिवकुमार चौधरी पुत्र स्वर्गीय रामदीन निवासी रतनपुर अर्जुन द्वारा सूचना दी गई थी कि उनके भाई बाबूलाल चौधरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 139/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
 
विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतक बाबूलाल चौधरी का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका था और उसकी कोई संतान नहीं थी। कुछ समय पूर्व जमीन बिक्री से प्राप्त धनराशि और पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक के हिस्से की जमीन और धनराशि पर कब्जा करने की नीयत से उसके सगे भाई शिवकुमार चौधरी और भतीजे पंकज चौधरी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
 
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 21 जून 2026 को अभियुक्त शिवकुमार चौधरी पुत्र स्वर्गीय रामदीन तथा पंकज चौधरी पुत्र शिवकुमार चौधरी, निवासी रतनपुर अर्जुन, थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती को रतनपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की घटना स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट (आला कत्ल) और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
 
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष वाल्टरगंज सूर्य प्रकाश सिंह, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस उपनिरीक्षक शैलेन्द्रनाथ यादव, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, उपेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल जीतेन्द्र यादव, पवन तिवारी, सर्विलांस टीम के देवेश यादव, संतोष यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार संपत्ति और पैसों के लालच में रिश्तों का कत्ल करने वाली इस वारदात का खुलासा 48 घंटे के भीतर कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें