स्वरूप रानी अस्पताल में अधिवक्ताओं और जूनियर डॉक्टरों के बीच हिंसक झड़प।
महिला अधिवक्ता के परिजन के इलाज को लेकर शुरू हुआ विवाद, अस्पताल परिसर में मची अफरा-तफरी।
स्वतंत्र प्रभात ।
प्रयागराज।।
शहर के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) में मंगलवार को अधिवक्ताओं और जूनियर डॉक्टरों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। अस्पताल परिसर कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार एक महिला अधिवक्ता अपने परिजन को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंची थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर जूनियर डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते अस्पताल परिसर में मारपीट शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में सफेद कोट पहने कुछ लोग काले कोट पहने अधिवक्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। अस्पताल परिसर में अचानक भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और तीमारदारों में भी दहशत फैल गई। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी देर तक अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और अस्पताल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में जमा हो गए तथा कार्रवाई की मांग करने लगे। वहीं जूनियर डॉक्टरों की ओर से भी अपने साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और तहरीर के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद एसआरएन अस्पताल परिसर में देर शाम तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रयागराज उत्तर प्रदेश न्यूज वायरल वीडियो कानून व्यवस्था प्रयागराज समाचार पुलिस जांच सीसीटीवी जांच स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल अस्पताल सुरक्षा एसआरएन अस्पताल अस्पताल विवाद प्रयागराज अपडेट अधिवक्ताओं का आक्रोश पुलिस बल तैनात अधिवक्ता और डॉक्टर विवाद जूनियर डॉक्टर अस्पताल में मारपीट प्रयागराज हिंसा अस्पताल परिसर में हंगामा डॉक्टरों पर आरोप अस्पताल में तनाव महिला अधिवक्ता मरीजों में दहशत डॉक्टर बनाम वकील अस्पताल परिसर रणक्षेत्र मारपीट का वीडियो


Comments