नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
हल्दी रस्म के बीच दूल्हे को सांप ने काटा, शादी से पहले हुई मौत; बरात निकलने से पहले घर में मातम
जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है
पटना ,बिहार ब्यूरो ,एम रोशन
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
बिहार के मुंगेर के असरगंज से दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। जहाँ शादी से पहले हल्दी रस्म के दौरान 24 वर्षीय नीरज कुमार को सांप ने डंस लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को बारात जानी थी, लेकिन हादसे से परिवार और गांव में मातम छा गया। मुंगेर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे को सांप ने डंस लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, असरगंज थाना क्षेत्र के बड़ी कोरियन गांव में बुधवार को 24 वर्षीय नीरज कुमार की शादी की रस्में चल रही थीं। मृतक नीरज, गणेश सिंह और अर्चना देवी का इकलौता पुत्र था। घर में हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था और शादी की तैयारियां जोर-शोर से हो रही थीं।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान नीरज के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन पर बात करते हुए वह घर से बाहर निकला, तभी किसी विषैले सांप ने उसे डंस लिया।
घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे, जहां विषहरी मंदिर में झाड़-फूंक और प्रार्थना का दौर जारी है। माता-पिता अपने बेटे के जीवित होने की मन्नत मांगते नजर आए।
परिजनों के अनुसार, नीरज की शादी बेलहर प्रखंड के नवाडीह गांव निवासी मुन्ना प्रसाद सिंह की पुत्री चंपा कुमारी से तय हुई थी। गुरुवार को मंडप पूजन और शुक्रवार को बारात निकलनी थी, लेकिन शादी से पहले ही इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं। परिजनों के मुताबिक, मृतक नीरज वीडियो ग्राफी का काम करता था और उसी से परिवार का भरण-पोषण होता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है।


Comments