मंदिर चोरी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों के सामान बरामद
सुपौल-मधेपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, CCTV व तकनीकी जांच से मिली सफलता
स्वतंत्र प्रभात | सुपौल
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
सुपौल: जिले के त्रिवेणीगंज, राजेश्वरी थाना क्षेत्र एवं सीमावर्ती मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुपौल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीते दिनों इन थाना क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। साथ ही मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार की वारदात की सूचना मिली थी।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए सुपौल और मधेपुरा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में त्रिवेणीगंज एवं शंकरपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा डीआईयू टीम को शामिल किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण एवं मानव सूचना के आधार पर विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 2 मई 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- मो. साजिद, पिता मो. अब्दुल तालीब, साकिन मेहंदी बाजार, थाना शंकरपुर, जिला मधेपुरा
- आशीष कुमार, पिता सुरेंद्र यादव, साकिन मेहंदी बाजार, थाना शंकरपुर, जिला मधेपुरा
- अंकित कुमार, पिता राजकिशोर गुप्ता, साकिन गढ़िया, थाना गढ़िया, जिला मधेपुरा
पुलिस ने आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी हुए कई सामान बरामद किए हैं, जिनमें घंटा-घंटी (लगभग 19 किलोग्राम), माता का श्रृंगार, चांदी के आभूषण, मुकुट, धूपदान, छत्री सहित अन्य सामग्री शामिल है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त किया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से धार्मिक स्थलों में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। मामले में आगे की जांच जारी है।


Comments