राजनीति
अवसान मैया के दुरदुरिया पूजन में उमड़ी महिलाएं
मिल्कीपुर विधायक ने महर्षि बामदेव आश्रम पर आयोजित किया था विशाल दुरदुरिया कार्यक्रम
मिल्कीपुर,अयोध्या।मिल्कीपुर क्षेत्र क्षेत्र महर्षि बामदेव आश्रम बवां के परिसर में मातृ शक्तियों का विशाल दुरदुरिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने अवसान मैया की पूजा उपासना कर लैया, चना, गुड़ का भोग लगाकर अनुष्ठान पूर्ण किया। नव सृजित नगर पंचायत कुमारगंज स्थित महर्षि बामदेव की तपोस्थली परिसर में बृहस्पतिवार को मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा द्वारा महिलाओं का विशाल दुरदुरिया कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य रहीं। विशाल दुरदुरिया कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिलाओं की आराध्य देवी अवसान मैया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में दुरदुरिया पूजन कार्यक्रम में शामिल समस्त मातृशक्तियां रहीं। दुरदुरिया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि मैं पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बहनों के साथ इस पूजन कार्यक्रम में शामिल हुई हूं।
मैंने कभी भी अवसान मैया का नाम तक नहीं सुना था। क्योंकि हम लोगों के यहां ऐसे कार्यक्रम नहीं होते हैं। इस विशाल कार्यक्रम में पहुंचकर मैं अपने को गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। आज मैं धन्य हो गई हूं। उन्होंने मौजूद मातृ शक्तियों से अपील करते हुए कहा कि आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में सभी माताएं बहने अपना अमूल्य योगदान दें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा सरोज मिश्रा ने दुरदुरिया कार्यक्रम में शामिल हुई माताओं एवं बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद देते हुए उनके जीवन के सुख में व्यतीत होने की कामना की
उन्होंने अवसान मैया एवं महर्षि बामदेव के जयकारे के साथ मौजूद महिलाओं से आशीर्वाद भी मांगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोरखनाथ बाबा ने अवसान मैया के दुरदुरिया कार्यक्रम में पधारी क्षेत्रवासी माताओं बहनों का स्वागत वंदन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। दुरदुरिया कार्यक्रम में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह एवं कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद एवं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती गीता शाक्य ने भी महिलाओं के साथ अवसान मैया की पूजा अर्चना की।
कार्यक्रम के आयोजक विधायक गोरखनाथ बाबा ने मंदिर परिसर में घूम घूम कर पूजन अर्चन में जुटी महिलाओं से दुरदुरिया प्रसाद प्राप्त कर उनका आशीर्वाद मांगा। दुरदुरिया कार्यक्रम के संयोजक अरुण द्विवेदी रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित एवं उप जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, कुमारगंज बाजार मालिक विजय कुमार उपाध्याय उर्फ अग्गू, विमल कुमार सिंह राजू, ब्लॉक प्रमुख अमानीगंज के प्रतिनिधि पवन सिंह, हरिश्चंद्र, विधायक के निजी सचिव महेश ओझा, राघवेंद्र सिंह विक्की, महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष नीलम गुप्ता एवं जिला मीडिया प्रभारी करुणा पांडे, भाजपा नेता राम सजीवन मिश्रा, विष्णु सिंह, गौतम सिंह, ग्राम प्रधान अखंड पांडे, सुरेश सिंह, अजय विक्रम सिंह, बैजनाथ वैश्य, मनीष त्रिपाठी, अरुण गुप्ता, अजीत मौर्य, विजय कुमार शुक्ला,आनंद तिवारी, उमा नाथ पांडे, अनुराग बाजपाई, आशीष सिंह, अनुराग सिंह, अनीता गुप्ता सहित सैकड़ों महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता तथा दर्जनों ग्राम प्रधान एवंं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।


Comments