नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
कुशीनगर : शिवा घाट पर चला स्वच्छता अभियान, पौधरोपण कर दिया स्वच्छता का संदेश
जिला गंगा समिति और वन विभाग की संयुक्त पहल, नगरवासियों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कुशीनगर। स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को जिला गंगा समिति, कुशीनगर एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तमकुही रेंज के अंतर्गत बांसी नदी स्थित शिवा घाट, सेवरही में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता की शपथ दिलाने के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सेवरही के अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल, नगरवासियों और वन विभाग की टीम ने श्रमदान कर घाट परिसर की सफाई की। इसके बाद नीम, बेल और महोगनी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान के माध्यम से नदी और घाटों को स्वच्छ रखने तथा हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने की अपील की गई।
नगर पंचायत सेवरही के अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है। नदी और घाटों को स्वच्छ रखना हमारी संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में निरंतर भागीदारी निभाने की अपील की।
क्षेत्रीय वनाधिकारी रणविजय सिंह ने कहा कि नदियों, घाटों और उनके आसपास के प्राकृतिक परिवेश को स्वच्छ रखना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पौधरोपण से हरित क्षेत्र में वृद्धि होती है और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से प्रकृति के संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे एवं जिला गंगा समिति, कुशीनगर नम्रता भट्ट ने कहा कि नदियों की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। घाटों की नियमित सफाई, कचरे का उचित निस्तारण और पौधरोपण जैसे प्रयास नदी संरक्षण अभियान को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर वन दरोगा धीरेंद्र दीक्षित, जेआरएफ शुभम, वन रक्षक इंद्रजीत यादव एवं उदय प्रताप सिंह सहित तमकुही रेंज की वन विभाग की टीम और नगरवासी मौजूद रहे।
अखबार प्रिंट में फोटो दीजिये


Comments