जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां समय से पूर्ण करें अधिकारी: जिलाधिकारी

16 से 30 नवंबर तक घर बैठे मोबाइल से करें स्व-गणना, सभी 40 प्रश्नों के सही एवं पूर्ण उत्तर देकर जनगणना में निभाएं अपनी जिम्मेदारी

Abhinav Shukla Picture
Published On

भदोही, 15 अक्टूबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं कार्ययोजना की मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जनगणना संबंधी तैयारियों, निर्धारित कार्यों की प्रगति तथा जनगणना को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री शैलेष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना के द्वितीय चरण से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपादित हो सके।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा इसके प्रति जनपदवासियों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठाते हुए जनगणना के राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

16 से 30 नवंबर तक घर बैठे मोबाइल से करें स्व-गणना

जिलाधिकारी श्री शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना करें। इसके लिए जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना (Self Enumeration) विकल्प का चयन करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मांगी गई जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि परिवार से संबंधित सभी 40 प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी भरना आवश्यक है, ताकि जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय एवं उपयोगी बन सकें।

पांच प्रमुख श्रेणियों में संकलित की जाएंगी परिवार से संबंधित जानकारियां

जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना के माध्यम से परिवार एवं उसके सदस्यों से संबंधित 40 प्रश्नों के जरिए पांच प्रमुख श्रेणियों में जानकारियां संकलित की जाएंगी। इनमें पहचान एवं परिवार, शिक्षा एवं भाषा, रोजगार, जन्म एवं प्रवास तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्व-गणना की प्रक्रिया को जनसामान्य तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए, ताकि नागरिक प्रश्नों को समझकर सही जानकारी दर्ज कर सकें।

सटीक जनगणना आंकड़ों से तैयार होंगी बेहतर विकास योजनाएं

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, जनसंख्या की आवश्यकताओं के आकलन, संसाधनों के बेहतर नियोजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार को अपनी जानकारी सही एवं वास्तविक रूप में दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना संबंधी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें तथा स्व-गणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि “सही गणना, सशक्त समाज, समृद्ध भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर, 2026 तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं, सभी प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक दर्ज करें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार