गिरीश चंद्र शुक्ला बनाए गए इसौली विधानसभा के प्रभारी जिम्मेदारी, समर्थकों में हर्ष

तीन दशक की संगठनात्मक निष्ठा और अनुभव को मिला सम्मान, भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जिताने का लिया संकल्प

हर्षिता यादव  Picture
Published On

शुकुल बाजार, अमेठी। भारतीय जनता पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा, ईमानदार कार्यशैली और लंबे राजनीतिक अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ला को सुल्तानपुर जिले की इसौली विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने से अमेठी सहित आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। पार्टी संगठन में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके गिरीश चंद्र शुक्ला को नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
 
अमेठी लोकसभा क्षेत्र की जगदीशपुर विधानसभा के शुकुल बाजार मंडल निवासी गिरीश चंद्र शुक्ला ने लगभग तीन दशक पहले भारतीय जनता पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध और जनसामान्य के बीच अपनी मजबूत पकड़ के बल पर उन्होंने मंडल से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी और कभी किसी अन्य राजनीतिक दल का दामन नहीं थामा।
 
गिरीश चंद्र शुक्ला की पहचान एक कर्मठ, स्पष्टवादी और अनुशासित संगठनकर्ता के रूप में रही है। सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों के बीच उनकी अच्छी पैठ मानी जाती है। उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना राजनीतिक विरोधियों के बीच भी होने की बात कही जाती है। यही अनुभव और संगठनात्मक दक्षता उनकी नई जिम्मेदारी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।इसौली विधानसभा प्रभारी बनाए जाने के बाद मीडिया से बातचीत में गिरीश चंद्र शुक्ला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
 
उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करेंगे। संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करना और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
 
उन्होंने आगे कहा कि इसौली विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे और आगामी चुनाव में पार्टी को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।गिरीश चंद्र शुक्ला को मिली इस नई जिम्मेदारी को उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। उनके समर्थकों को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ इसौली विधानसभा में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती के रूप में सामने आएगा।

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार