अम्बेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस- वे पर ट्रेलर से भिड़ी डबल डेकर बस, चार की मौत
अंबेडकरनगर।
जैतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा किलोमीटर संख्या 85 के पास अंबरपुर टोल प्लाजा के निकट हुआ, जहां दिल्ली से दरभंगा, बिहार जा रही एक वोल्वो बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्ष दर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, आज शुक्रवार की सुबह साढ़े पांच बजे के आसपास एक्सप्रेस- वे पर एक डबल डेकर स्लीपर बस दिल्ली से दरभंगा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अंबरपुर टोल प्लाजा के निकट बस और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के एक तरफ की पूरी सुरक्षा दीवार ही नदारद हो गई और बस में सवार यात्रियों को गम्भीर चोटें आ गई जिससे चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
सूचना पर जैतपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकलवाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
चार यात्रियों की मौत जबकि घायलों में गंभीर
इस हादसे में चार लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि घायलों में तीन चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पुलिस द्वारा की जा रही है। हादसे की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि संबंधित अधिकारियों की विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
दुर्घटना की वजह तलाशने में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, बस और ट्रेलर की गति कितनी थी तथा चालक की ओर से कोई लापरवाही हुई या नहीं, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। लोगों में चर्चा से सुना गया गया कि ट्रक सड़क किनारे पहले से खड़ी थी और बस ड्राइवर की आंखों में झपकी बनी हादसे की मुख्य वजह।
इतने बड़े हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच और अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सूचना मिलते ही अस्पताल में पहुंचकर घायलों से संबंधित जानकारी ली और जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने भी मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।


Comments