भीटी में संपूर्ण समाधान दिवस में श्रम विभाग ने लगाया श्रमिक जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर
अम्बेडकरनगर।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आज तहसील भीटी में श्रम विभाग, अम्बेडकरनगर द्वारा श्रमिक जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को श्रम विभाग एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें डिजिटल माध्यम से उपलब्ध रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में श्रमिकों एवं उपस्थित जनसामान्य को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न हितकारी योजनाओं, श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया तथा पात्रता संबंधी जानकारी दी गई। पात्र श्रमिकों का मौके पर ही पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराया गया।

इसके साथ ही ई-श्रम पोर्टल एवं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया एवं उपलब्ध लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। पात्र श्रमिकों को ई-श्रम से संबंधित सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में ‘यूपी डिजिटल लेबर चौक’ ऐप के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। श्रमिकों को बताया गया कि ऐप के माध्यम से वे अपनी प्रोफाइल तैयार कर उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जुड़ सकते हैं। इस दौरान उपस्थित श्रमिकों के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराया गया तथा प्रोफाइल पूर्ण करने की प्रक्रिया को मौके पर ही समझाया गया।
श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों से अपील की गई कि वे अपने पंजीयन को अद्यतन रखें तथा शासन द्वारा संचालित श्रमिक कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का नियमानुसार लाभ प्राप्त करें। शिविर के माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण से लेकर सामाजिक सुरक्षा एवं रोजगार के डिजिटल अवसरों तक एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।


Comments