नवीनतम
भारत
ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफ0एल0सी0) हेतु राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न
ईवीएम की एफ0एल0सी0 प्रक्रिया में पारदर्शिता, सुरक्षा और आयोग की एस0ओ0पी0 का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा
फ़िरोज़ाबाद -
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 चुनाव के दृष्टिगत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफ0एल0सी0) प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटि रहित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में संपन्न की गई। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफ0एल0सी0 की संपूर्ण कार्य प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की विस्तृत जानकारी साझा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एफ0एल0सी0 प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक मशीन (वैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट) की गहनता से जांच की जाएगी, एक मशीन की जांच में लगभग 25 से 30 मिनट का समय निर्धारित है, जांच के उपरांत जो मशीने पूर्णतः सही पाई जाएगी, उन पर ‘‘एफ0एल0सी0 ओ0के0‘‘ का ग्रीन स्टीकर लगाया जाएगा और उन्हें अलग सुरक्षित रखा जाएगा, जो मशीन खराबी के कारण सही नहीं पाई जाएगी, उन पर रेड स्टिकर लगाकर सम्बन्धित निर्माता कंपनी को वापस भेज दिया जाएगा। एफ0एल0सी0 प्रक्रिया की पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हॉल एवं परिसर में सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगाए गए हैं, भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा 24x7 लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।

एफ0एल0सी0 स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे, परिसर के भीतर मोबाइल कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, गैजेट आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से जिलाधिकारी ने अपील की कि वह अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की सूची तत्काल उपलब्ध करा दें, परिसर में सुचारू प्रबंधन हेतु एक समय में प्रत्येक राजनैतिक दल का एक ही अधिकृत प्रतिनिधि हॉल के अंदर उपस्थित रह सकेगा।
प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि एफ0एल0सी0 के दौरान अपनी उपस्थिति में मशीनों का मॉकपोल कराकर प्रक्रिया की शुद्धता की जांच स्वयं कर सकते हैं। अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एफ0एल0सी0 का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है, कि मतदान के दिन कोई भी मशीन खराब न हो, जिससे मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा या शिकायत उत्पन्न न हो, एफएलसी की यह प्रक्रिया दिनांक 2 सितंबर से प्रातः 9 से सायं 7 बजे तक की जाएगी।बैठक के दौरान सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम, अंकित वर्मा, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान आदि उपस्थित रहें।


Comments