80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले लाभार्थियों की पेंशन जल्द होगी जारी

विवेक शर्मा Picture
Published On

फिरोजाबाद।

जनपद के 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जून 2026 तक की तिमाही दिव्यांग पेंशन की धनराशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, उनके लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग आगरा मंडल आगरा एवं प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, फिरोजाबाद ने बताया कि इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना के ऐसे लाभार्थी, जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक है, की पेंशन भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में नए मॉड्यूल एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से प्रेषित की जानी है।

इस संबंध में एनआईसी एवं साइबर ट्रेजरी के सहयोग से एसएनए स्पर्श प्रणाली पर आवश्यक कार्य किया जा रहा है। इस प्रक्रिया को पूर्ण होने में लगभग 15 दिन से एक माह तक का समय लग सकता है। विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि एसएनए स्पर्श प्रणाली को शीघ्र लागू करते हुए छूटे हुए पात्र दिव्यांगजन लाभार्थियों की पेंशन की धनराशि उनके द्वारा संचालित आधार मैप्ड बैंक खातों में प्रेषित करा दी जाएगी।
विभाग ने संबंधित दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। पेंशन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेज दी जाएगी।

Post Comments

Comments