डीएम ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के निःशुल्क कोचिंग सेंटर का किया आकस्मिक निरीक्षण
जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने नारायण डिग्री कॉलेज, शिकोहाबाद में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया
फ़िरोज़ाबाद / शिकोहाबाद।
जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने नारायण डिग्री कॉलेज, शिकोहाबाद में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कोचिंग सेंटर में उपलब्ध शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अध्ययन सामग्री, डिजिटल सुविधाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मार्गदर्शन का जायजा लिया।मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थी भी बेहतर तैयारी कर अपने भविष्य के सपनों को साकार कर सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्यों एवं करियर विकल्पों के बारे में जानकारी ली और उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही दिशा चुनने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने युवाओं को किसी भी प्रकार के भटकाव से बचते हुए पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई एवं करियर पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।जिलाधिकारी ने सेंटर में स्थापित डिजिटल बोर्ड, अध्ययन सामग्री तथा विषयवार पाठ्यक्रम की प्रगति का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सफलता हासिल कर सकें।उन्होंने कोचिंग सेंटर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद भी मौजूद रहे।


Comments