खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सात नमूने लिए
प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए
प्रतापगढ़। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न रेस्टोरेंट, होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन छापामार कार्रवाई की। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-।। अभय कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल सात खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इसके साथ ही अस्वच्छ एवं कालातीत खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सचल दल ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र में बेल्हा देवी मंदिर के निकट स्थित तमसातट रेस्टोरेंट में छापा मारकर पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया। मौके पर शीतल पेय बनाने में प्रयुक्त विभिन्न प्रकार के 25 बोतल फ्रूट सीरप (प्रत्येक 775 एमएल) कालातीत पाए गए। इनकी अनुमानित कीमत 14,975 रुपये थी, जिन्हें तत्काल नष्ट करा दिया गया। किचन में मिली कमियों को सुधारने के लिए प्रतिष्ठान को नोटिस दिया गया। चौक स्थित किशोरी मिष्ठान भंडार में सन्देह के आधार पर पनीर का एक नमूना लिया गया। यहां करीब 40 किलोग्राम दूध अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये थी। दूध को मौके पर नष्ट कराया गया तथा कमियों को दूर करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
चौक-जेल रोड स्थित केक्स एंड कुकीज कैफे की जांच के दौरान पैकेटबंद ब्रांडेड ड्राईफ्रूट का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। किचन में पाई गई कमियों को सुधारने के लिए नोटिस दिया गया। इसी क्रम में बाबागंज भगवाचुंगी स्थित स्पाइस वैली रेस्टोरेंट की जांच में पनीर के अवमानक होने की आशंका पर एक नमूना लिया गया। मौके पर करीब 10 किलोग्राम दाल मखानी अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित मिली, जिसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये थी। इसे मौके पर नष्ट कराया गया और प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस दिया गया।
जिंजर रेस्टोरेंट बाबागंज भगवाचुंगी की जांच के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित पनीर का एक नमूना लिया गया। जांच दल ने प्रतिष्ठान की साफ-सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए तथा नोटिस निर्गत किया। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद क्षेत्र में फेरी लगाकर दूध बेच रहे दो दुग्ध विक्रेताओं से मिश्रित दूध के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए। इस प्रकार खाद्य सचल दल द्वारा कुल सात नमूने संग्रहित कर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच एवं विश्लेषण के लिए भेजे जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ. यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी एवं डॉ. शमशुन नेहा उपस्थित रहे।
Pratapgarh छापेमारी प्रतापगढ़ Food Safety Department होटल जांच खाद्य सुरक्षा खाद्य सुरक्षा विभाग Food Raid खाद्य नमूने Food Samples सात नमूने Seven Samples खाद्य जांच Food Inspection खाद्य प्रतिष्ठान Food Establishments रेस्टोरेंट जांच Restaurant Inspection Hotel Inspection Food Safety मिलावटी खाद्य पदार्थ Adulterated Food अस्वच्छ खाद्य सामग्री Unhygienic Food कालातीत खाद्य सामग्री Expired Food पनीर जांच Paneer Testing


Comments