डीएम ने छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र, कहा- लक्ष्य तय कर पूरी लगन से जुटें

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूण्डला में छात्राओं से संवाद, 85 इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी व शिक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

टूण्डला। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन की प्रेरणा एवं प्रोत्साहन से जनपद फिरोजाबाद में शिक्षा एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में एक अभिनव पहल की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा एवं राज्य सिविल सेवा के युवा अधिकारी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं अन्य इंटर कॉलेजों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उन्हें कैरियर एवं जीवन में सफलता के लिए मार्गदर्शन देंगे।
 
इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूण्डला पहुंचकर छात्राओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में जनपद के 85 इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में कैरियर, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की राह चुनने को लेकर उत्पन्न होने वाले भ्रम एवं असमंजस को दूर करना रहा।
 
जिलाधिकारी ने मार्गदर्शक एवं प्रेरक की भूमिका निभाते हुए छात्राओं तथा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने प्रभावी पढ़ाई के तरीके, टाइम मैनेजमेंट, सही रोल मॉडल का चुनाव तथा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने की रणनीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
 
SWOT मॉडल से समझाई सफलता की रणनीति
जिलाधिकारी ने बोर्ड पर SWOT (Strength, Weakness, Opportunity, Threat) मॉडल के माध्यम से छात्राओं को अपनी ताकत एवं कमजोरियों को पहचानने का तरीका समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए और अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
 
उन्होंने बताया कि लॉजिकल थिंकिंग, विज्ञान की समझ और इमोशनल बैलेंस का सही उपयोग कर विद्यार्थी अपने कैरियर में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार विषय और कैरियर का चुनाव करने की सलाह दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने निसंकोच होकर अपने कैरियर, विषय चयन एवं भविष्य की योजनाओं से संबंधित सवाल जिलाधिकारी से पूछे। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का तार्किक एवं सरल तरीके से जवाब दिया।
 
अपनी स्ट्रेंथ बढ़ाएं, कमजोरी पर नियंत्रण करें
जिलाधिकारी ने छात्राओं से सवाल किया कि उनकी Strength और Weakness क्या है। छात्राओं ने अपनी-अपनी मजबूती और कमजोरियों के बारे में बताया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थी अपनी स्ट्रेंथ को लगातार बढ़ाएं और अपनी कमजोरियों पर नियंत्रण स्थापित करें। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है।
 
एक छात्रा वंदना ने जिलाधिकारी से सवाल किया कि यदि वह सिविल सर्विसेज में जाना चाहती है तो उसे क्या करना चाहिए। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार विषय का चुनाव करें और पूरी लगन एवं मेहनत के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि सही दिशा में निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य प्राप्त होगी।
 
‘फिरोजाबाद सुशासन’ यूट्यूब चैनल से मिलेगा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन तक इस पहल की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ‘फिरोजाबाद सुशासन’ (Firozabad Sushasan) नाम से एक समर्पित यूट्यूब चैनल भी शुरू किया जा रहा है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों के मार्गदर्शन, सफलता के टिप्स और विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों की वार्ताएं रिकॉर्ड कर अपलोड की जाएंगी।
 
विद्यार्थी इन व्याख्यानों को किसी भी समय और कहीं से भी सुन सकेंगे। इससे दूर-दराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर मार्गदर्शन एवं समान अवसर प्राप्त होंगे। चैनल के माध्यम से जनपद में संचालित सुशासन अभियानों एवं प्रशासनिक उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा।
 
अभिभावक बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें: डीएम
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए परिश्रम, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विद्यार्थी निश्चित रूप से अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते वे निरंतर मेहनत करते रहें और अपने उद्देश्य के प्रति समर्पित रहें।
 
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनकी रुचि एवं क्षमता को समझते हुए लक्ष्य प्राप्ति में उनका सहयोग करें। जिलाधिकारी ने कॉलेज की प्रधानाचार्या रंजना सहाय को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन के लिए एक अच्छी टीम गठित की जाए। यह टीम बच्चों की पढ़ाई में सहायता करने के साथ-साथ उन्हें सही कैरियर चुनने एवं लक्ष्य निर्धारण में मार्गदर्शन प्रदान करे। जिला प्रशासन की यह पहल जनपद के युवाओं को सही दिशा देने तथा उन्हें प्रशासनिक एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार