महिलाओं को बनाता था मोहरा, टेम्पो में कराता था चेन चोरी; गैंग का सरगना गिरफ्तार
बस्ती की छावनी पुलिस ने टेम्पो में महिलाओं के गले से चेन चोरी कराने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार कर
बस्ती। बस्ती की छावनी पुलिस ने टेम्पो में महिलाओं के गले से चेन चोरी कराने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार कर
लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन, 'ॐ' अंकित सोने का लॉकेट, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (UP53BD4124), नकदी व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से कई जनपदों में महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना छावनी के मुकदमा संख्या 167/2026 से संबंधित वांछित आरोपी पंकज कुमार निवासी थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर को रामजानकी रोड स्थित रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चार महिलाओं का एक गिरोह बना रखा था। वह स्कॉर्पियो से उन्हें अलग-अलग जनपदों के टेम्पो स्टैंडों पर छोड़ देता था। महिलाएं यात्रियों के साथ टेम्पो में बैठकर भीड़ का फायदा उठाते हुए महिलाओं के गले से चेन और लॉकेट चोरी कर लेती थीं। इसके बाद उल्टी आने का बहाना बनाकर बीच रास्ते उतर जातीं और पहले से पीछा कर रहे आरोपी की स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो जाती थीं।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को विक्रमजोत टेम्पो स्टैंड से अयोध्या जा रही एक महिला की सोने की चेन और लॉकेट इसी तरीके से चोरी किए गए थे। अगले दिन अमेठी के जगदीशपुर में वारदात के प्रयास के दौरान गिरोह की चारों महिला सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गईं, जबकि सरगना मौके से भाग निकला था। मंगलवार को वह चोरी के जेवर बेचकर साथियों की जमानत कराने की तैयारी में निकला था, तभी छावनी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घटना के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा के फास्टैग रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन, 'ॐ' अंकित लॉकेट, स्कॉर्पियो वाहन, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र और 510 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध गोरखपुर, अमेठी और बस्ती में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
swatantra prabhat gorakhpur crime crime news uttar pradesh basti police police investigation CCTV evidence Jagdishpur Amethi Chhawani Police Gold Locket Recovery Gold Chain Theft Chain Snatching Gang Inter District Crime Women Targeted Pankaj Kumar Arrested Scorpio Vehicle Seized Ramrekha Temple Vikramjot Tempo Stand Ayodhya Route Fastag Tracking Organized Theft Gang


Comments