इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता रजनीश सिंह 'रिशु' समर्थकों संग कांग्रेस में शामिल।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व छात्र नेता एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता रजनीश सिंह 'रिशु' ने रविवार को अपने सैकड़ों
स्वतंत्र प्रभात
प्रयागराज।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व छात्र नेता एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता रजनीश सिंह 'रिशु' ने रविवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। सिविल लाइंस स्थित शंकर मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय तथा राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। वरिष्ठ नेताओं ने रजनीश सिंह को कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया और उनके पार्टी में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं और छात्र नेताओं के पार्टी से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। वहीं रजनीश सिंह के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने कांग्रेस के पक्ष में नारेबाजी करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद रजनीश सिंह 'रिशु' ने कहा कि वह लंबे समय से छात्र हितों की लड़ाई लड़ते रहे हैं और छात्रों के अधिकारों के लिए कई बार जेल भी जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से देश का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हुआ है तथा युवाओं और छात्रों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों पर विभिन्न प्रकार की कार्रवाई और दमनात्मक कदम उठाए गए हैं।
रजनीश सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विचारों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाना उनका उद्देश्य होगा। उन्होंने कहा कि "नफरत के माहौल में मोहब्बत की दुकान" के संदेश को आगे बढ़ाते हुए छात्र-युवा वर्ग को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादतियों के खिलाफ कांग्रेस आवाज बुलंद करेगी।
इस अवसर पर उन्होंने 8 अगस्त को शाम 6 बजे केपी ग्राउंड कॉलेज में आयोजित होने वाले "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उनका दावा है कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आगमन के अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
prayagraj allahabad university swatantra prabhat rahul gandhi prayagraj news congress party political event Uttar Pradesh Politics Rajesh Tiwari Rajendra Pal Gautam Allahabad High Court advocate Youth Politics Chhatron Ki Goonj Uttar Pradesh Congress Rajneesh Singh Rishu Student Leader Ajay Rai Political Joining Congress Membership KP Ground


Comments