अपर पुलिस महानिदेशक ने बाबा घुइसरनाथ धाम में प्रबन्धों का लिया औचक जायजा

गंगा सरोवर में भी उन्होने श्रद्धालुओ के स्नान को लेकर समुचित सुरक्षा प्रबन्ध की जानकारियां ली

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लालगंज, प्रतापगढ़। श्रावण माह को लेकर बाबा घुइसरनाथ धाम में हो रही तैयारियों का औचक जायजा लेने अपर पुलिस महानिदेशक के निरीक्षण से बुधवार को पुलिस व प्रशासनिक महकमे में हडकंप का माहौल दिखा। प्रयागराज के अपर पुलिस महानिदेशक ज्योति नारायण दोपहर अचानक बाबा धाम आ पहुंचे। एडीजी ने जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ यहां सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े बंदोबस्त की निगरानी की। एडीजी ने बाबा धाम में सई घाट पर नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए यहां रस्सी की घेराबंदी के साथ गोताखोर व नाव प्रबन्ध को अलर्ट रखने को कहा। गंगा सरोवर में भी उन्होने श्रद्धालुओ के स्नान को लेकर समुचित सुरक्षा प्रबन्ध की जानकारियां ली।
 
मुख्य मंदिर परिसर से पूरे मेला क्षेत्र में उन्होने सीसी कैमरे के जरिए हर संदिग्ध की कड़ी निगरानी रखे जाने के मातहतों को निर्देश दिये। बाबा धाम में उन्होने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बिन्दु पर एसपी से पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस की तैनाती सुनिश्चित कराए जाने को कहा। अपर पुलिस महानिदेशक ने बाबा धाम में व्यापारियों से मिलकर उनसे भी समस्याओं की जानकारियां ली। एडीजी ने सांगीपुर एसओ को सख्त हिदायत दी कि मेला क्षेत्र में दुकानदारों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
 
निरीक्षण के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने बाबा का जलाभिषेक कर दर्शन पूजन किया।मंदिर के महन्त मयंक भाल गिरि, प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष मिश्र, अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल, मुन्ना पाण्डेय आदि ने अपर पुलिस महानिदेशक एवं एसपी को बाबा घुइसरनाथ धाम का चित्र एवं महोत्सव दर्पण भेंट किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक राजीव द्विवेदी, ईओ नगर पंचायत इन्द्र प्रताप, सांगीपुर बीडीओ राजेन्द्र नाथ पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक लालगंज आलोक कुमार, सांगीपुर एसओ गौरव त्रिवेदी भी मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें