उद्योगों को अलग बिजली लाइन देने की मांग

विधायक ने जर्जर लाइनों पर भी उठाए सवाल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

तिलहर, शाहजहांपुर। औद्योगिक क्षेत्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति और किसानों को फॉल्ट से राहत दिलाने की मांग को लेकर विधायक सलोना कुशवाहा ने मंगलवार को विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण गोपाल अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग इंडस्ट्रियल बिजली लाइन का प्रस्ताव शासन को भेजने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।
 
विधायक ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में उद्योगों को लगातार और गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल पा रही है। बार-बार ट्रिपिंग और आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास की रफ्तार थम रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए पृथक बिजली लाइन समय की जरूरत है।
 
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल बिजली व्यवस्था पर भी चिंता जताई। कहा कि कई गांवों में खंभों के बीच मानक से अधिक दूरी होने और वर्षों पुरानी जर्जर लाइनों के कारण आए दिन फॉल्ट होते हैं। इसका सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है, जिन्हें सिंचाई के दौरान घंटों बिजली का इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने जर्जर तार बदलने, नए पोल लगाने और पूरे नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण की मांग की।
 
अधिशासी अभियंता कृष्ण गोपाल अग्रवाल ने बताया कि विधायक का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग बिजली लाइन का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर लाइनों के सुधार के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें