नवीनतम
फीचर्ड
अब नहीं होंगे कोचिंग संस्थान सील: LDA का बड़ा आश्वासन, बंद संस्थानों को भी खोला जाएगा
राजधानी में कोचिंग संस्थानों पर चल रही सीलिंग कार्रवाई के बीच बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है।
लखनऊ। राजधानी में कोचिंग संस्थानों पर चल रही सीलिंग कार्रवाई के बीच बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश कोचिंग संघ और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब बिना उचित कारण किसी भी कोचिंग संस्थान को सील नहीं किया जाएगा। साथ ही पहले से सील किए गए संस्थानों को भी चरणबद्ध तरीके से खोला जा रहा है।
उत्तर प्रदेश कोचिंग संघ के प्रदेश प्रवक्ता मनीष राघव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी कमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एलडीए कार्यालय पहुंचकर कोचिंग संचालकों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। एलडीए उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति में अपर सचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने प्रतिनिधिमंडल से विस्तृत वार्ता की।
बैठक के दौरान अपर सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि यदि किसी आवासीय क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थान के विरुद्ध कोई शिकायत प्राप्त नहीं होती है, तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पर्याप्त कारण किसी भी संस्थान को सील नहीं किया जाएगा और जो संस्थान पहले से सील किए गए हैं, उन्हें भी नियमानुसार खोला जा रहा है।
एलडीए प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया कि मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संस्थानों को पर्याप्त समय दिया जाएगा तथा कोचिंग संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश कोचिंग संघ के प्रदेश प्रवक्ता मनीष राघव ने कहा कि संघ प्रदेश के सभी कोचिंग संचालकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी भी संचालक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
lucknow swatantra prabhat lucknow news lda uttar pradesh news urban development Education Sector Coaching Institutes Coaching Regulation Coaching Association Commercial Establishments Uttar Pradesh Coaching Sangh Coaching Sealing LDA Administration Coaching Operators Manish Raghav Kamlesh Tripathi Gyanendra Kumar Coaching Policy LDA Meeting


Comments