दहेज में दी गई बाइक की किस्त को लेकर नवविवाहिता की हत्या का आरोप

जांच में जुटी पुलिस

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लौकरिया मिश्री टोला वार्ड संख्या-7 में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज में दी गई मोटरसाइकिल की किस्त जमा नहीं होने पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।मृतका की पहचान लौकरिया मिश्री टोला निवासी सागर साह की लगभग 20 वर्षीय पत्नी दीपावली देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपावली की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

मृतका की मां पूनम देवी ने बताया कि शादी में अन्य सामानों के साथ मोटरसाइकिल भी दहेज में दी गई थी। बाइक की अंतिम दो किस्त बाकी थी, जिसे बाद में जमा कर वाहन ससुराल वालों के नाम करने की बात तय हुई थी। आरोप है कि किस्त जमा नहीं होने को लेकर ससुराल वाले दीपावली पर लगातार दबाव बना रहे थे।परिजनों ने बताया कि 27-28 मई की रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि दीपावली की तबीयत खराब है। जब वे उसके ससुराल पहुंचे तो उसे घर के दरवाजे पर मृत अवस्था में पाया। इसके बाद डायल 112 और बैरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार हो गया है। वहीं मृतका की करीब छह माह की बच्ची भी गायब बताई जा रही है, जिसे लेकर परिजन चिंतित हैं।
इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं न्याय की मांग की है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें