दूध देकर लौट रहे व्यक्ति की हत्या का खुलासा, रिश्तेदार और भतीजे समेत चार गिरफ्तार

अपमान का बदला लेने के लिए रची गई थी साजिश, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

अंबेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र के सेहरा जलालपुर गांव में दूध देकर घर लौट रहे व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मामूली विवाद और अपमान का बदला लेने के लिए मृतक के करीबी रिश्तेदार और उसके भतीजे ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
 
भीटी क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि 25 मई की सुबह करीब छह बजे ग्राम सेहरा जलालपुर के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अजय कुमार (42) पुत्र स्वर्गीय रामनिहोर निवासी सेहरा जलालपुर सरैया के रूप में की। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले थे।
 
परिजनों के अनुसार अजय कुमार रोजाना की तरह घर से दूध लेकर महरुआ चौराहे के पास देने गए थे, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचे। सूचना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया था।
 
सोमवार को एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और महरुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नारायणपुर घाट रामबाबा मोड़ के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में दीवान जी पुत्र छविलाल, माखन कुमार पुत्र श्रीनाथ निवासी मधुपुर मीरनपुर, अजय कुमार (19) पुत्र राजेंद्र प्रसाद तथा अरुण कुमार (20) पुत्र संतोष कुमार निवासी सेहरा जलालपुर शामिल हैं।
 
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय कुमार के अपने साढ़ू से संबंध अच्छे नहीं थे। कुछ दिन पहले साढ़ू का लड़का अजय के भतीजे से मिलने आया था, जिसे अजय ने डांटकर भगा दिया था। इस बात से नाराज होकर उसने अजय को सबक सिखाने की योजना बनाई। बाद में उसने अजय के ही भतीजे के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इलाके में हुई इस वारदात से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

About The Author

Post Comments

Comments