त्रिवेणीगंज एसडीपीओ कार्यालय का डीआईजी ने किया वार्षिक निरीक्षण, 450 लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, पुलिस कार्यशैली और गश्ती व्यवस्था की हुई समीक्षा, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान की बनी रणनीति।
त्रिवेणीगंज कोशी रेंज के डीआईजी डॉ कुमार आशीष ने मंगलवार को एसडीपीओ कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित कांडों,अपराध नियंत्रण,पुलिस कार्यशैली एवं विभिन्न संचिकाओं की गहन समीक्षा की। डीआईजी के पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों और एसडीएम अभिषेक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से बुके देकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद अनुमंडल परिसर में उन्हें पैरेड की सलामी दी गई।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के आलोक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में करीब 1200 कांड लंबित हैं, जिनमें से लगभग 450 मामलों को चिन्हित किया गया है। इन मामलों का निष्पादन इसी माह करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,ताकि आमलोगों को त्वरित न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो। डीआईजी डॉ कुमार आशीष ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पुराने रिकॉर्ड,लंबित संचिकाएं, अपराध के आंकड़े एवं विभिन्न थानों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई है।
साथ ही वारंटी एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाने की रणनीति भी तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मामलों में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गश्ती,पेट्रोलिंग व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई है। आने वाले समय में पुलिसिंग व्यवस्था में और सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को आमलोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर एसपी शरथ आर एस,एसडीपीओ विभाष कुमार, सीआई सुनील कुमार पासवान,थानाध्यक्ष राकेश कुमार,जदिया थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन,बलुआ थानाध्यक्ष सुमित कुमार, राजेश्वरी थानाध्यक्ष युगलकिशोर सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों के थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।


Comments