गांजे का जखीरा बरामद, एसएसबी- बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से एक तस्कर गिरफ्तार
बरामद गांजा, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मानपुर थाना को सौंप दिया गया है
बेतिया। नरकटियागंज में 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सतर्कता और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पचरोता सी-समवाय क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 431/2 बिरांची गांव के समीप संयुक्त गश्ती के दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 9 किलो 66 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए तस्कर की पहचान रामकिशन यादव, उम्र 30 वर्ष, पिता अशर्फी यादव, निवासी मलदहिया पोस्ट पोखरिया जिला पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था और इसके जरिए मोटी कमाई करना चाहता था। एसएसबी मुख्य आरक्षी संजय कुमार दत्ता की टीम और बिहार पुलिस की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। बरामद गांजा, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मानपुर थाना को सौंप दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी की लगातार सख्ती और सक्रिय गश्त के कारण सीमा पर अवैध गतिविधियों पर लगाम लगी है। तस्करी में शामिल लोगों में डर का माहौल है और सीमावर्ती इलाकों में अवैध कारोबार में लगातार गिरावट देखी जा रही है।


Comments