जान मारने की नीयत से युवक पर जानलेवा हमला, छह नामजद पर प्राथमिकी
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता मनोज कुमार
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
मसौढ़ी थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित युवक ने मसौढ़ी थाना में लिखित आवेदन देकर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरापुर निवासी रोहित कुमार ने आरोप लगाया है कि वह 6 मई 2026 की रात लगभग 10 बजे टेंपू से अपनी भाभी को लेकर जमुई गांव जा रहा था। इसी दौरान देवरिया-जमुआ रोड पर कुछ लोगों ने हाथ देकर वाहन रुकवाया। वाहन रुकते ही आरोपितों ने टेंपू की चाबी निकाल ली और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि आरोपितों ने लोहे के रॉड एवं अन्य हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के दौरान उसके सिर, चेहरे, आंख एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आईं। घटना के बाद आरोपित उसे मरा समझ सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
घायल अवस्था में राहगीरों की मदद से उसके परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार वाले मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें पाई गई हैं।
इस मामले में मसौढ़ी थाना कांड संख्या 346/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए पुलिस जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।


Comments