राजनीति
धवाई ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी कार्यकत्री की सराहनीय पहल
स्वयं के खर्च से बच्चों को ठंड में जैकेट वितरित
बलरामपुर पचपेड़वा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धवाई में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्री शिवांगी मिश्रा ने मानवता और शिक्षा के प्रति एक मिसाल पेश की है। ठंड के मौसम में गरीब और अति पिछड़े वर्ग के बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं के खर्च से बच्चों को जैकेट वितरित की। इतना ही नहीं, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वह रोजाना आंगनबाड़ी केंद्र पर आने वाले बच्चों को बिस्कुट, चॉकलेट और टॉफी भी देती हैं, ताकि बच्चे उत्साह के साथ प्रतिदिन विद्यालय आएं और पढ़ाई से जुड़े रहें।
जब हमारी टीम के चैनल रिपोर्टर द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्री शिवांगी मिश्रा से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि “शुरू से मेरी यही मंशा रही है कि गरीब और अति पिछड़े परिवारों के वे बच्चे, जो आर्थिक तंगी के कारण स्कूल नहीं आ पाते, उन्हें किसी न किसी तरह प्रेरित किया जाए। जिन माता-पिता के पास बच्चों को पढ़ाने के लिए पर्याप्त साधन नहीं हैं, उनके बच्चों के लिए यह मेरी निजी सोच और प्रयास है।”
उन्होंने आगे बताया कि वह अपने निजी खर्च से समय-समय पर बच्चों को कपड़े, किताबें उपलब्ध कराती रहती हैं और त्योहारों पर, जैसे दीपावली में बच्चों को पटाखे भी देती हैं। उन्होंने कहा कि “आगे भी मैं अपनी क्षमता के अनुसार गरीब बच्चों की मदद करती रहूंगी।” आंगनबाड़ी कार्यकत्री शिवांगी मिश्रा की यह पहल न केवल बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना की है।

Comments