पत्रकार समाज की आवाज, देश और समाज की दशा-दिशा तय करने में निभाते हैं अहम भूमिका: बेचन राम
ख़जनी क्षेत्र उनवल में क्रांतिकारी पत्रकार एसोसिएशन का भव्य आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों और पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर किया गया सम्मानित
रिपोर्टर/रामाशीष तिवारी (ख़जनी तहसील) गोरखपुर
ख़जनी गोरखपुर । नगर पंचायत उनवल कार्यालय परिसर में बुधवार को क्रांतिकारी पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में पत्रकार एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष बेचन राम ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि संचार माध्यमों की क्रांति के इस दौर में पत्रकारों के कंधों पर समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पत्रकार ही देश और समाज की दशा एवं दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की ऐसी सशक्त आवाज हैं, जो बिना किसी भय और दबाव के सच्चाई को जनता और शासन तक पहुंचाते हैं। सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और अन्याय को सामने लाकर पत्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम करते हैं। निष्पक्ष पत्रकारिता समाज में जागरूकता लाने के साथ ही व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का भी माध्यम है।
पत्रकार व्यवस्था के दर्पण, सामाजिक न्याय में भूमिका अहम
विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद पत्रकार अपनी मेहनत और निष्पक्षता से अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करते हैं। पत्रकार शासन और समाज के लिए दर्पण की तरह काम करते हैं। क्षेत्रीय समस्याओं को उजागर करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारों के योगदान से ही आम जनता की समस्याओं और सामाजिक सरोकारों को व्यापक मंच मिलता है।

नगर पंचायत उनवल के अध्यक्ष एडवोकेट महेश दुबे ने कहा कि पत्रकारों के बिना सभ्य सामाजिक व्यवस्था और मानवीय जीवन मूल्यों की रक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने पत्रकारिता को समाज को जागरूक करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त शिक्षक भक्तराज राम त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन अर्द्धचंद्रधारी त्रिपाठी ने किया। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन तथा अतिथियों के स्वागत-सम्मान के साथ हुआ। इसके बाद जिले भर से पहुंचे पत्रकारों और नगर पंचायत उनवल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे, वहीं पत्रकारों ने भी आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. प्रदीप तिवारी, राम अशीष त्रिपाठी, डॉ. जयंतनाथ, विजय पांडेय, बृजनाथ तिवारी, उमेश दुबे, गजेंद्र त्रिपाठी, पद्माकर मिश्रा, विवेकानंद पांडेय, प्रमोद पांडेय, राजेश वर्मा, योगेंद्र, हरिहर राम तिवारी, ललित मोहन त्रिपाठी, बालमुकुंद त्रिपाठी, शत्रुघ्न मणि त्रिपाठी, अंजली शुक्ला, सृष्टि दुबे, अनुपमा दुबे, प्रिया शुक्ला, सत्येंद्र त्रिपाठी, सूर्य प्रकाश पांडेय, प्रिंस चौधरी, विशाल त्रिपाठी, पंकज पांडेय, राजेश दीक्षित, कौशल सिंह, हिमांशु शुक्ला, शक्तिओम सिंह, अमित कुमार, सेराज आलम खान, निहाल सिंह, सक्षम मिश्रा, केशव तिवारी, राम विनय तिवारी, माहताब आलम, सुनील पांडेय, सलीम अख्तर, दिनेश साहनी, अवधेश शर्मा, देवेंद्र यादव, देवानंद पासवान, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, जयवीर यादव और बालेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Comments