रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में 47 अभ्यर्थियों का चयन

युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

अमेठी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज के प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि दिनांक 31 अगस्त 2026 को संस्थान परिसर में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। मेले में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 62 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाया। उन्होंने बताया कि मेले में हीरो/वर्लपूल, उड़ान मैनपावर कंपनी, मेगा माइंड सॉल्यूशन, निर्माण ऑर्गेनाइजेशन तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया।
 
कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें अप्रेंटिसशिप हेतु 12 तथा रोजगार के लिए 35 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 47 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त हुए। प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि ऐसे रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले युवाओं को उद्योगों से सीधे जोड़ने तथा उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
 
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी युवाओं के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। मेले में जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी, राजकीय आईटीआई अमेठी के प्रधानाचार्य एमपी सिंह, राजकीय आईटीआई जगदीशपुर के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह, कार्यदेशक अनिल कुमार मिश्रा, प्लेसमेंट प्रभारी भारत भूषण मिश्रा, दिवाकर मिश्रा सहित जनपद के अन्य आईटीआई संस्थानों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार