सिद्धार्थनगर:  स्कूल से घर के लिए निकला बालक का शव पोखरे से बरामद हुआ

वह पिछले दो चार दिनों से गांव के अन्य बच्चों के साथ केवल पढ़ने के लिए विद्यालय आ रहा था

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बिस्कोहर। (सिद्धार्थनगर )। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फूलपुर पांडेय गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला घटना सामने आया है। यहां स्कूल से घर लौट रहा एक सात वर्षीय मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया, जिसका शव शाम को गांव के पास स्थित एक तालाब से बरामद हुआ। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में  सन्नाटा पसर गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलपूर पांडे निवासी राजन प्रजापति का सात वर्षीय पुत्र शिवांश प्रजापति शुक्रवार को सुबह गांव के पास ही स्थित फूलपुर राजा कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने गया था।
 
दोपहर करीब डेढ़ बजे विद्यालय में छुट्टी होने के बाद वह अन्य बच्चों के साथ घर के लिए निकला था। जब दोपहर दो बजे तक मासूम शिवांश अपने घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने तत्काल विद्यालय में फोन कर पूछताछ की, जहां से जानकारी मिली कि बच्चा काफी पहले ही घर के लिए रवाना हो चुका है। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चे की खोजबीन शुरू की।
 
काफी तलाश करने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे फूलपुर राजा गांव के दक्षिण दिशा में स्थित एक तालाब में बच्चे की चप्पल उतराती हुई दिखाई दी। इस पर ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में उतरकर खोजबीन की, तो शिवांश का शव बरामद हुआ। पानी से बाहर निकाले जाने तक मासूम की मौत हो चुकी थी। कंपोजिट विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने बताया कि शिवांश का आधिकारिक रूप से विद्यालय में नामांकन नहीं हुआ था। वह पिछले दो चार दिनों से गांव के अन्य बच्चों के साथ केवल पढ़ने के लिए विद्यालय आ रहा था।
 
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। मामले में बिस्कोहर चौकी प्रभारी अमित कुमार शाही ने बताया कि परिजनों ने इस घटना को एक हादसा मानते हुए किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों की लिखित सहमति और मांग के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके सुपुर्द कर दिया है।

About The Author

Post Comments

Comments