थारू विकास परियोजना को शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार का हब बनाने की कवायद
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने विशुनपुर विश्राम में निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
रमेश कुमार यादव
बलरामपुर। विकास खंड पचपेड़वा के विशुनपुर विश्राम स्थित थारू विकास परियोजना को शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने थारू विकास परियोजना का विस्तृत निरीक्षण कर निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब और सिलाई-बुनाई प्रशिक्षण केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर लैब के माध्यम से थारू जनजाति के छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ते हुए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ डिप्लोमा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम ने प्रशिक्षण केंद्र की मान्यता संबंधी सभी औपचारिकताएं निर्माण पूरा होने से पहले ही पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि केंद्र तैयार होते ही विद्यार्थियों का प्रशिक्षण शुरू कराया जा सके।
.jpg)
हैंडलूम यूनिट से महिलाओं को मिलेगा रोजगार
डीएम ने सिलाई-बुनाई प्रशिक्षण केंद्र को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर इसे रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने परिसर में हैंडलूम यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं स्थानीय स्तर पर हैंडलूम एवं अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार कर सकें। उन्होंने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे थारू समुदाय की महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार और आय के स्थायी अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
पीएचसी में संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर
डीएम ने थारू विकास परियोजना परिसर में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बताया गया कि पीएचसी का कायाकल्प कर आवश्यक चिकित्सा उपकरण और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिसके बाद ओपीडी में मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
.jpg)
छात्राओं से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय, विशुनपुर विश्राम का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर पठन-पाठन, आवासीय व्यवस्था और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।डीएम ने विद्यालय प्रशासन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित रूप से खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कराने तथा छात्राओं को हाउसवार विभाजित कर प्रतियोगिताएं कराने को कहा, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो।
₹1.28 करोड़ से संवर रही थारू विकास परियोजना
थारू विकास परियोजना, विशुनपुर विश्राम के समग्र विकास के लिए शासन से ₹1.28 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है। इस धनराशि से परियोजना क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कौशल विकास और संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। परिसर में मरम्मत, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास के कार्य भी कराए जा रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ बंधे के सौंदर्यीकरण का भी लिया जायजा
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने चित्तौड़गढ़ बंधे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें बेहतर ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, प्रशिक्षु आईएएस श्री शिवांश जागाड़े सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
swatantra prabhat स्वतंत्र प्रभात uttar pradesh news balrampur news women empowerment skill development प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महिला रोजगार Tribal Development थारू विकास परियोजना Tharu Development Project विशुनपुर विश्राम संस्थागत प्रसव जिलाधिकारी निरीक्षण बलरामपुर विकास शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार Education Health Employment कौशल विकास प्रशिक्षण निःशुल्क कंप्यूटर ट्रेनिंग Computer Training Diploma हैंडलूम यूनिट


Comments