एसडीएम ने नरहरपुर के कोटेदार संजय कुमार को किया निलंबित
तहसील हरैया के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) उमाकांत तिवारी ने ग्राम पंचायत नरहरपुर के उचित दर विक्रेता (कोटेदार) संजय
बस्ती। तहसील हरैया के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) उमाकांत तिवारी ने ग्राम पंचायत नरहरपुर के उचित दर विक्रेता (कोटेदार) संजय कुमार का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राशन वितरण में अनियमितता, घटतौली, निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने तथा कार्डधारकों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतों के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, बीडीओ कप्तानगंज की जांच आख्या दिनांक 16 जुलाई 2026 में पाया गया कि कोटेदार द्वारा कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरित किया जा रहा था। जांच के दौरान ग्रामीणों द्वारा घटतौली की शिकायत करने पर कोटेदार ने अमर्यादित टिप्पणी की और वितरण कार्य बीच में छोड़कर चला गया। इस संबंध में ग्रामीणों ने लिखित बयान भी दिए थे।
इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत नरहरपुर की सरिता ने 10 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी बस्ती से शिकायत की थी कि उनके अंत्योदय राशन कार्ड पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। वहीं, रामशब्द ने 8 जुलाई 2026 को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें पिछले एक वर्ष से प्रति माह दो किलोग्राम राशन कम दिया जा रहा है।
पूर्ति निरीक्षक कप्तानगंज द्वारा 22 जुलाई 2026 को की गई जांच में अंत्योदय योजना के 17 तथा पात्र गृहस्थी योजना के 29, कुल 46 कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। जांच में पाया गया कि अंत्योदय कार्डधारकों को गेहूं, चावल और चीनी निर्धारित मात्रा से कम दी जा रही थी तथा चीनी के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि ली जा रही थी। पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को भी यूनिट के अनुसार खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा था। साथ ही, कोटेदार का व्यवहार कार्डधारकों के प्रति संतोषजनक नहीं पाया गया।
इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत 27 जुलाई 2026 को संजय कुमार का अनुबंध उत्तर प्रदेश अनुसूचित वस्तु वितरण आदेश-2016 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
एसडीएम ने निलंबित कोटेदार को निर्देश दिया है कि वह पत्र प्राप्त होने के एक पक्ष (15 दिन) के भीतर सभी सुसंगत साक्ष्यों सहित अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत नरहरपुर की राशन दुकान को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत खदरा के उचित दर विक्रेता पंचम की दुकान से संबद्ध किया गया है। संबंधित विक्रेता को पर्यवेक्षणीय अधिकारी की देखरेख में नियमानुसार खाद्यान्न का उठान एवं वितरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
swatantra prabhat basti news uttar pradesh news Basti District News Uttar Pradesh ration news Basti administration Public Distribution System UP consumer rights India CM helpline complaint Narharpur Gram Panchayat Rural Welfare Scheme Ration Distribution Irregularities Harraya SDM Action Ration Dealer Suspended Fair Price Shop News SDM Umakant Tiwari Antyodaya Ration Card Food Supply Department UP Kotedar Suspension News Government Action News


Comments