नवीनतम
कुशीनगर : दस्तावेज जमा करने के बावजूद मुआवजा भुगतान में देरी से किसानों में नाराजगी, महाप्रबंधक से लगाई गुहार
छितौनी-तमकुही रोड रेल परियोजना के प्रभावित किसानों ने शीघ्र भुगतान की उठाई मांग
कुशीनगर। छितौनी-तमकुही रोड नई रेल लाइन परियोजना से प्रभावित किसानों ने मुआवजा भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर से हस्तक्षेप की मांग की है। किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग को सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करा दिए हैं। इसके बावजूद एसएलओ (विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी) देवरिया/कुशीनगर कार्यालय की ओर से अब तक मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित किसानों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा कई बार दस्तावेज जमा कराने और शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी उनके बैंक खातों में मुआवजे की राशि नहीं पहुंची। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और अन्य आर्थिक आवश्यकताओं के बीच भुगतान में हो रही देरी से उनकी कठिनाइयां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
जटहां बाजार निवासी पत्रकार प्रमोद कुमार गुप्त ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को दस्तावेज जमा किया गया सहित प्रभावित किसानों ने कहा कि यह रेल परियोजना जनहित की महत्वपूर्ण योजना है। विकास कार्यों में सहयोग करते हुए उन्होंने अपनी भूमि उपलब्ध कराई है, इसलिए उन्हें नियमानुसार समयबद्ध मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों ने मांग की कि जिनके दस्तावेज पूर्ण हो चुके हैं, उनका भुगतान बिना किसी अनावश्यक विलंब के तत्काल कराया जाए तथा भुगतान प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति भी सार्वजनिक की जाए।
प्रभावित किसानों ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा लंबित मुआवजा भुगतान शीघ्र सुनिश्चित कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने के लिए बाध्य होंगे।


Comments