रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ सोरांव थाने का उपनिरीक्षक।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात । 
 
प्रयागराज।
 
 भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) प्रयागराज इकाई ने  सोरांव में तैनात एक उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर एक मुकदमे में धाराएं कम करने के नाम पर 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। एंटी करप्शन टीम ने उसे 25 हजार रुपये की पहली किश्त लेते समय दबोच लिया।
 
जानकारी के अनुसार, उदयराज पटेल, निवासी गहपुर, थाना सोरांव ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि थाना सोरांव में तैनात उपनिरीक्षक संजय जायसवाल एक मुकदमे में राहत दिलाने और गंभीर धाराएं कम करने के बदले 75 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
 
इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से शनिवार, 18 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 1:50 बजे थाना सोरांव के बाहर स्थित "अमन गुप्ता चाय पान स्टाल" के पास ट्रैप बिछाया गया। जैसे ही आरोपी उपनिरीक्षक संजय जायसवाल, पुत्र महेंद्र प्रताप जायसवाल, निवासी नरहपुर, थाना लम्भुआ, जनपद सुल्तानपुर ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की पहली किश्त ली, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
 
गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के तहत थाना शिवकुटी में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
 
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत मांगने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें