रिटायर्ड कर्मी से 25 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार
चोरी के सिम से दे रहा था अपहरण व हत्या की धमकी
पटना/नदी: पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त व्यक्ति से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या तथा पोते के अपहरण की धमकी देने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और चोरी का सिम कार्ड भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, नदी थाना क्षेत्र के जेठुली गांव निवासी शिवचंद्र राय, जो करीब एक माह पूर्व मिजोरम पुलिस से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनके पुत्र राजन कुमार के मोबाइल पर 22 जून को एक अज्ञात नंबर से कॉल कर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। अपराधियों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो शिवचंद्र राय की हत्या कर दी जाएगी और उनके पोते का स्कूल जाते समय अपहरण कर उसकी भी हत्या कर दी जाएगी।
इसके बाद 1 जुलाई को आरोपितों ने व्हाट्सएप के माध्यम से फिर धमकी भरा संदेश भेजा। संदेश में अगले दिन तक 25 लाख रुपये नहीं देने पर बेटे का अपहरण कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने तथा फिरौती नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नदी थाना में कांड संख्या 265/2026 दर्ज कर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल उद्भेदन करते हुए जेठुली निवासी संजीव कुमार राय (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा एयरटेल का चोरी का सिम कार्ड बरामद किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने चोरी का सिम कैसे प्राप्त किया और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
बरामद सामान
घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन।
धमकी देने में इस्तेमाल किया गया एयरटेल का चोरी का सिम कार्ड।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक सद्दाम हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार, नदी थाना के महिला सशस्त्र बल, गृहरक्षक एवं जिला बल के जवान शामिल रहे।


Comments